एप के जरिये फसलों का होगा ऑनलाइन ई-क्रॉप सर्वे- सहायक विकास कृषि अधिकारी पहले चरण में राजगढ़ के 10 गांवों का होगा सर्वे!
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 8 September, 2023 07:15
- 362
प्रतीक फोटो
पहले चरण में राजगढ़ के 10 गांवों का होगा सर्वे
राजगढ़ मीरजापुर(आरएनएस)। कृषि विभाग और किसान दोनों हाईटेक टेक्नोलाॅजी से जुड़ रहे हैं। कृषि विभाग की ओर से राजगढ़ विकासखंड क्षेत्र में फसलों का ऑनलाइन ई-क्राॅप सर्वे कराया जाएगा। सहायक विकास अधिकारी कृषि राजगढ़ संतोष कुमार कुशवाहा ने बताया कि पहले चरण में राजगढ़ विकासखंड के 10 गांवों करौंदा गोल्हनपुर, अतरौली खुर्द, इंदरपुर, कुसमी, नदिहार, मटिहानी, पुरैनिया, निकरिका, कलवारी माफी आदि गांव का सर्वे होगा। गांव में बोई गई फसलों का क्षेत्रफल, परती जमीन आदि का विवरण व फोटो एप पर अपलोड किया जाएगा। ऑनलाइन सर्वे के लिए विभाग की तरफ से ई-पड़ताल मोबाइल एप लांच किया गया है। ऑनलाइन सर्वे में कृषि विभाग के कर्मचारियों के साथ ही लेखपालों की मदद ली जाएगी। प्रत्येक वर्ष कृषि योग्य भूमि पर कौन सी फसल उगी है, कितना जमीन खाली है, इसका सर्वे किया जाता है। इसी सर्वे के आधार पर खसरा-खतौनी का डाटा तैयार किया जाता है। इस साल यह सर्वे मोबाइल एप के जरिए ऑनलाइन किया जाएगा। एग्रीस्टैक (डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर फॉर एग्रीकल्चर) के तहत ऑनलाइन ई-क्राॅप सर्वे किया जाएगा। पायलेट प्रोजेक्ट के तहत 10 गांवों में डिजिटल क्राॅप सर्वे शुरू किया जाएगा। ऑनलाइन सर्वे में गांव में उगी फसलों, परती जमीन व नान एग्रीकल्चर लैंड आदि का डाटा एकत्र किया जाएगा। खेत का फोटो भी अपलोड किया जाएगा। डिजिटल सर्वे के लिए टीम बनाई गई है। सर्वे टीम में लेखपाल, कृषि विभाग के तकनीकी सहायक, ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक व सहायक तकनीकी प्रबंधक शामिल रहेंगे। इसके साथ ही राजस्व निरीक्षकों को सुपरवाइजर तथा नायब तहसीलदार को सत्यापनकर्ता बनाया गया है। ऑनलाइन सर्वे के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित भी किया गया है।
Comments