Tuesday 18 Aug 2026 16:38 PM

Breaking News:

मूसलाधार बारिश में बच्चे को लेकर ‘जनता दर्शन’ पहुंचीं मां, CM योगी ने इलाज के लिए तत्काल आर्थिक सहायता के दिए निर्देश!

लखनऊ। मां अपने बच्चे की खुशियों और बेहतर स्वास्थ्य के लिए हर मुश्किल का सामना करने से पीछे नहीं हटती। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘जनता दर्शन’ में ममता और संवेदनशीलता की ऐसी ही तस्वीर देखने को मिली। मूसलाधार बारिश के बावजूद सीतापुर की रोली अपने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ पहुंचीं। उन्होंने बच्चे के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोली की पीड़ा को गंभीरता और आत्मीयता के साथ सुना। उन्होंने बच्चे के सिर पर हाथ रखकर उसके शीघ्र स्वस्थ होने का आशीर्वाद दिया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज में आर्थिक बाधा न आए, इसके लिए संबंधित अस्पताल से तत्काल उपचार का एस्टीमेट मंगाया जाए और आवश्यक औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री से मिले भरोसे के बाद रोली की आंखों में उम्मीद और खुशी की चमक दिखाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार से मिले इस भरोसे से उनके बच्चे के इलाज की राह आसान होगी। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि गंभीर बीमारी के इलाज में धन की कमी किसी भी स्थिति में बाधक नहीं बनने दी जाएगी।

‘जनता दर्शन’ में हर फरियादी की सुनी समस्या

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘जनता दर्शन’ में पहुंचे लोगों की समस्याओं को बेहद आत्मीयता के साथ सुनते हैं। सोमवार को भी उन्होंने एक-एक फरियादी के पास जाकर उनकी समस्याएं जानीं और अपनत्व के भाव से पूछा कि वे कहां से आए हैं और उन्हें क्या परेशानी है।

उन्होंने सभी पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है और किसी को भी परेशान या घबराने की आवश्यकता नहीं है।

गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता

‘जनता दर्शन’ में गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों और उनके परिजनों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जरूरतमंद लोगों के इलाज में लगातार आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित अस्पतालों से इलाज का एस्टीमेट प्राप्त करने और औपचारिक प्रक्रिया को जल्द पूरा कर शासन को भेजने में किसी प्रकार की देरी न हो। पात्र लोगों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

पुलिस, राजस्व और भूमि विवाद की शिकायतें भी सुनीं

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस, राजस्व, चिकित्सा, भूमि विवाद, कब्जे और अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें भी सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और फरियादी की संतुष्टि के अनुरूप किया जाए।

किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और संबंधित अधिकारी मौके की स्थिति के अनुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

भूमि संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने राजस्व अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जबकि पुलिस से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। चिकित्सा से संबंधित मामलों में भी उन्होंने संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने और जरूरतमंदों को शासन की सहायता योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

‘किसी जरूरतमंद को भटकना न पड़े’

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता और जवाबदेही दोनों दिखाई देनी चाहिए। सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े।

‘जनता दर्शन’ में पहुंचे लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक मामले का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और कार्रवाई की प्रभावी निगरानी भी की जाए।

बारिश में पहुंची मां, उम्मीद लेकर लौटी

थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चे को लेकर मूसलाधार बारिश में सीतापुर से लखनऊ पहुंची रोली के मामले में मुख्यमंत्री की त्वरित संवेदनशीलता ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंदों के उपचार में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

बारिश ने मां के कदम रोकने की कोशिश जरूर की, लेकिन अपने बच्चे के बेहतर इलाज की उम्मीद उसे मुख्यमंत्री के ‘जनता दर्शन’ तक ले आई। मुख्यमंत्री के आश्वासन और आर्थिक सहायता के निर्देश के बाद रोली अपने बच्चे के इलाज की नई उम्मीद लेकर वापस लौटीं।


Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *