Saturday 19 Apr 2025 21:33 PM

Breaking News:

गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम से हिडन कैमरा मिलने का मामला:प्रयागराज में आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा, भेजा गया जेल....

हॉस्टल के बाथरुम में हिडन कैमरा लगाकर लड़कियों की न्यूड वीडियो बनाने वाला आरोपी आशीष खरे को पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है। बाथरूम में हिडन कैमरा को इंस्टाल करने वाला फैय्याज भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया इसके बाद जेल भेज दिया।

छात्रा की तहरीर पर दर्ज हुआ एक और मुकदमा

कर्नलगंज थाना प्रभारी ने बताया कि गोरखपुर की रहने वाली एक छात्रा जो प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। उसने तहरीर दी कि हॉस्टल संचालक आशीष खरे ने उसे मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजा और गंदी-गंदी गालियां दी है।

पुलिस ने छात्रा की तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर उसे कचेहरी रोड के घर से वहीं कैमरा इंस्टाल करने वाले आरोपी फैय्याज खान पुत्र स्व. अजमेरी खान निवासी राजापुर को स्टेनली रोड महबूब अली मस्जिद के पास से गिरफ्तार कर लिया है।

जमानत पर रिहा होने पर शुरू हुआ था विरोध

पिछले दिनों हिडन कैमरा लगाने और लड़कियों की न्यूड वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने आशीष खरे को एक जून को गिरफ्तार किया था, पर आरोपी आशीष को 2 जून को जमानत मिल गई थी।

जमानत मिलने के बाद प्रयागराज पुलिस की कार्य शैली को प्रयागराज में पढ़ने वाली छात्राओं ने विरोध शुरू कर दिया था। छात्राओं की ओर से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को आरोपी को जमानत पर रिहा होने पर आपत्ति जताते हुए उसको जेल भेजने की मांग की जा रही थी।

लड़कियों को नहाते हुए देखता था

आशीष खरे ने बाथरुम में स्पाई कैमरा लगाने के बाद सबसे पहले खुद को नहाते हुए रिकॉर्ड किया। इसके बाद यह देखा कि किस-किस एंगल से वीडियो शूट हो रहा है। इसके बाद उसका एंगल सेट किया। ताकि वह लड़कियों के नहाते हुए हर एंगल से वीडियो रिकॉर्ड हो सके।

इसके लिए उसने एक कंप्यूटर लैब बना रखी थी। वहां बैठकर लड़कियों को नहाते हुए देखता था। वीडियो रिकॉर्ड और मिक्स करता था। पुलिस को जांच में कई लड़कियों के नहाते हुए क्लिप मिले हैं।


कंप्यूटर लैब में मिलीं थी आपत्तिजनक चीजें

डॉ. बीके खरे का दो मंजिला घर पुलिस लाइन के पास ही है। पुलिस ने जब वहां जांच शुरू की, तो उनके इकलौते बेटे आशीष खरे के कमरे से कई आपत्तिजनक चीजें मिलीं। इनमें कंडोम और लड़कियों के अंडरगारमेंट्स भी शामिल हैं। इन चीजों के मिलने से साफ है कि वह लड़कियों को उनकी अश्लील वीडियो दिखाकर यौन शोषण भी करता था। जांच में कंप्यूटर में कई अश्लील वीडियो मिले हैं।

पोर्न साइट्स पर वीडियो शेयर करने की भी है आशंका

कंप्यूटर में कई अश्लील वीडयो मिले थे। कंप्यूटर और उसकी हार्ड डिस्क सबूत के तौर पर सील कर दी गई है। जांच में अश्लील वीडियो को पोर्न वेबसाइट्स पर भी बेचे जाने की आशंका पुलिस को है।

पुलिस का मानना है कि हो सकता है वह लड़कियों को ब्लैकमेल करने के लिए अपने ऐसा करता होगा। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।

DVR, हार्ड डिस्क फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए लैब

आरोपी के पास से बरामद DVR, हार्ड डिस्क समेत अन्य सामान फोरेंसिक जांच के लिए FSL लैब भेजे गए हैं। मौके से एक मॉनीटर, चार RAM, नौ हार्ड डिस्क, दो डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर, दो एडॉप्टर, एक CPU, तीन सिम, छह डायरी, जिसमें लड़कियों के फोन नंबर और एक डिब्बे में 100 से ज्यादा लड़कियों की पासपोर्ट साइज फोटो मिली हैं। इसके अलावा आपत्तिजनक चीजें भी बरामद हुई हैं। फॉरेंसिक जांच में पता चलेगा कि DVR और हार्ड डिस्क में कितने वीडियो और तस्वीरें हैं।


Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *